राजनीतिक

BJP को गुजरात में फिर चुनावी खुशखबरी, कांग्रेस को भी खुशी; AAP को झटका

सूरत

गुजरात में रविवार को हुए स्थानीय निकाय उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 30 में से 21 सीटों पर जीत हासिल करके परचम लहराया है। मंगलवार को 29 नगर पालिकाओं और एक नगर निगम सीट पर चुनाव परिणाम घोषित किया गया। कांग्रेस ने 9 नगरपालिका सीटों पर जीत हासिल की है। सूरत म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन के वार्ड नंबर 20 में हुए उपचुनाव में बीजेपी के राजेशभाई राणा ने जीत दर्ज की।

भाजपा के प्रदेश महासचिव रजनी पटेल ने उपचुनाव के नतीजों पर कहा, 'गुजरात के लोगों ने एक बार फिर पार्टी नेतृत्व और विजन में एक बार फिर विश्वास जताया है। लगातार समर्थन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सीआर पाटिल के नेतृत्व को जाता है। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल के कुशल प्रशासन में राज्य तेजी से विकास कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा भी गुजरात में नई ऊंचाइयों पर पहुंच गई है।  

हालांकि,  कांग्रेस पार्टी तीन सीटों पर अपनी जमानत बचाने में असफल रही। आम आदमी पार्टी की भी पांच सीटों पर जमानत जब्त हो गई। सूरत, राजपीपला, गोधरा, पोरबंदर और ध्रांगधरा में पार्टी को करारी हार का सामना करना पड़ा। गुजरात कांग्रेस के प्रमुख शक्तिसिंह गोहिल ने कहा कि पार्टी की सीटों में इजाफा हुआ है और 5 से बढ़कर 9 पर जीत दर्ज की है। उन्होंने यह भी कहा कि एक सीट पर महज 2 वोट से हार का सामना करना पड़ा जबकि एक पर महज 4 वोट से पीछे रहे।

नगरपालिका उपचुनाव के नतीजे विजयी पार्टियों के लिए बेहद खास हैं। गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव में अब अधिक समय नहीं बचा है। स्थानीय चुनाव में मिली इस सफलता को भाजपा कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा बनाए में रखने के लिए करना चाहेगी। पिछले साल के अंत में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने रिकॉर्ड बहुमत के साथ सरकार बनाई है। 182 सीटों वाली विधानसभा में भाजपा के 156 प्रत्याशियों की जीत हुई थी। कांग्रेस को 17 और आप को 5 सीटों से संतोष करना पड़ा था।

 

Related Articles

Back to top button