खेल

वर्ल्ड कप 2023 से पहले ईडन गार्डन्स स्टेडियम में लगी आग, ड्रेसिंग रूम में रखा सामान जलकर खाक

नई दिल्ली

आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 से पहले एक बुरी खबर सामने आई है। कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में आग लगने की खबर है। बताया जा रहा है कि बुधवार 9 अगस्त की देर रात स्टेडियम के एक हिस्से में आग लग गई, जो इतनी भयंकर थी कि ड्रेसिंग रूम में रखा बहुत सारा सामान जलकर खाक हो गया। इस स्टेडियम में सेमीफाइनल समेत करीब आधा दर्जन मैच खेले जाने हैं। ऐसे में आग लगने की इस घटना ने सभी को चौंका दिया है।

जानकारी के मुताबिक, आग 9 अगस्त की रात करीब 11 बजकर 50 मिनट पर लगी। इसके बाद जल्द ही मौके पर दमकल की 2 गाड़ियां पहुंच गईं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। आग पर काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक बहुत सारा सामान आग के हवाले हो गया। बता दें कि वर्ल्ड कप से पहले इस ऐतिहासिक स्टेडियम में रेनोवेशन का काम चल रहा है और रात में भी काम जारी था। इसी दौरान ड्रेसिंग रूम में आग लगी।

बताया जा रहा है कि आग ड्रेसिंग रूम की फॉल्स सीलिंग में शायद शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी। ड्रेसिंग रूम में क्रिकेटरों के उपकरण रखे हुए थे, जो जल गए। हालांकि, नुकसान बहुत बड़ा नहीं था, लेकिन फिर भी ड्रेसिंग रूम को फिर से रेनोवेट करना पड़ेगा। अचानक लगी इस आग के कारणों की जांच की जा रही है। कोलकाता को पहले मैच की मेजबानी वर्ल्ड कप में 28 अक्टूबर को करनी है। इस मैदान पर दूसरे सेमीफाइनल समेत कुल 5 मैच खेले जाएंगे।
 
स्टेडियम में रेनोवेशन का काम जोर-शोर से जारी है और इसे अंतिम रूप देने की आखिरी तारीख 15 सितंबर रखी गई है। हाल ही में आईसीसी प्रतिनिधियों ने काम की प्रगति से खुश थे, लेकिन वे अगले महीने फिर आएंगे। उससे पहले इस घटना ने क्रिकेट एसोस‍िएशन ऑफ बंगाल (CAB) की टेंशन बढ़ा दी है। हालांकि, आग लगने की खबर मिलते ही सीएबी के संयुक्त सचिव देबब्रत दास रात में ही स्टेडियम पहुंच गए थे और उन्होंने जांच की बात कही थी।  

 

Related Articles

Back to top button