राजनीतिक

कांग्रेस की 11400 किमी की जन आक्रोश यात्रा मंगलवार से शुरू

भोपाल

भाजपा की जनआशीर्वाद यात्रा का जवाब देने के लिए कांग्रेस की जन आक्रोश यात्रा मंगलवार गणेश चतुर्थी से शुरू होने जा रही है। 11400 किमी यात्रा में कांग्रेस के नेता हर शहर और विधानसभा क्षेत्र में धार्मिक आस्था भी दिखाएंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ और प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने भोपाल में पत्रकार वार्ता कर इस यात्रा को लेकर जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह यात्रा जनता की आवाज सुनकर निकाली जा रही है। सबकी एक ही आवाज है, शिवराज और बीजेपी की सरकार हटाओ। सुरजेवाला ने कहा कि जन आक्रोश इसलिए है क्योंकि शिवराज सिंह की सरकार ने किसानों की आय कम की और उनके सीने पर गोली मारी। करप्शन में डूबी बीजेपी सरकार ने महाकाल को भी नहीं छोड़ा।

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में बेरोजगारी चरम पर है। गांव-गांव में बेरोजगार घूम रहा है। हायर एजुकेशन करने वालों को भी रोजगार नहीं है। गौरतलब है कि 19 सितम्बर से निकलेगी जो पांच अक्टूबर तक चलेगी। यात्रा के मार्ग पर आने वाली नर्मदा-क्षिप्रा-बेतवा- ताप्ती नदी की आरती और उनकी पूजा की जाएगी। इसके साथ क्षेत्र के प्रमुख मंदिरों और धार्मिक जगहों पर भी कांग्रेस के नेता माथा टेकने के पहुंचेंगे।

भाजपा सरकार के घोटालों ने एक पीढ़ी को बर्बाद किया: कमलनाथ
भोपाल। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने शनिवार को फिर से भाजपा सरकार से पांच सवाल किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने प्रदेश को घोटालों का प्रदेश बना दिया है। इस घोटाला राज ने मध्य प्रदेश के नौजवानों की पूरी एक पीढ़ी बर्बाद कर दी है। मध्य प्रदेश के बेरोजगार नौजवान जानना चाहते हैं कि भाजपा सरकार ने पटवारी भर्ती घोटाला क्यों किया। सरकार में आरक्षक भर्ती घोटाला क्यों हुआ। नर्सिग कॉलेज घोटाला क्यों हुआ। व्यापमं घोटाला क्यों हुआ। पेसा भर्ती घोटाला क्यों हुआ। कमलनाथ ने यह भी कहा कि सरकार को बताना चाहिए कि इनते  घोटालों पर पर्दा क्यो डाला और दोषियों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इन घोटालेबाजों से क्या रिश्ता है।

Related Articles

Back to top button