देश

यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने से बढ़ा खतरा, यूपी के इस शहर में अलर्ट जारी

 यमुना
यमुना नदी का जलस्तर बढ़ने से एक बार फिर अलीगढ़ में यमुना से सटे गांव पर बाढ़ का खतरा गहरा गया है। जिसके चलते प्रशासन के द्वारा अलर्ट जारी किया गया है। यमुना खतरे के निशान से सिर्फ दो मीटर नीचे बह रही है। बुधवार को प्रशासनिक अधिकारियों ने महाराजगढ़ व मालव गांव का दौरा किया। अलीगढ़ में यमुना व गंगा दोनों प्रमुख नदियां गुजरती हैं। पिछले दिनों इन दोनों नदियों में बाढ़ आ गई थी। इससे आसपास के कई गांव पानी की जद में आ गए थे।

गलियों में घुटनों तक पानी भर गया था। हजारों बीघा फसल डूब गई थी। आधे से अधिक लोग पलायन कर दूसरे स्थान पर चले गए थे। यमुना से सटे गांव में तो कुछ पशु भी बाढ़ में बह गए थे लेकिन 10 से 15 दिनों के विकराल रूप के बाद नदी में पानी कुछ कम होने लगा था। अब कुछ दिनों से स्थिति सामान्य थी लेकिन अब दोबारा से नदी में जलस्तर बढ़ने लगा है। बुधवार को यमुना में नई दिल्ली स्थित ओखला बैराज से 40 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इससे यमुना का जलस्तर 198.10 मीटर तक हो गया। जबकि खतरे का निशान 200.600 मीटर पर है।
 

पानी में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इससे प्रशासन सतर्क है। बुधवार को पुलिस-प्रशासन, सिंचाई विभाग के अफसरों ने बाढ़ प्रभावित मालव व महाराजगढ़ का भ्रमण कर लोगों से बातचीत की। एसडीएम खैर, दिग्विजय सिंह ने कहा कि यमुना के पानी में बढ़ोतरी हो रही है। ऐसे में नदी से सटे व आसपास के गांव के लोगों को सतर्क कर दिया गया है। सामान्य दिनों के मुकाबले में अधिक पानी नदी में हो गया।

कई जिलों में भारी बारिश के आसार
गौरतलब हो कि मौसम विभाग ने भारी बारिश को लेकर भी अलर्ट जारी किया है। 20 अगस्त तक यूपी के कई जिलों में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। हालांकि इसमें से ज्यादातर जिले पूर्वी यूपी के हैं। वहीं आगरा, अलीगढ़ में भी बारिश की संभावना है।

 

Related Articles

Back to top button