राजनीतिक

प्रियंका गांधी की ग्वालियर रैली को सफल बनाने पार्टी के दिग्गजों ने ग्वालियर में डेरा डाला

ग्वालियर

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के आज ग्वालियर प्रवास कार्यक्रम को सफल बनाने पार्टी के दिग्गजों ने  ग्वालियर में डेरा डाल दिया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने ग्वालियर पहुंचकर मोर्चा संभाल लिया है। प्रियंका गांधी यहां मेला परिसर में विशाल जनाक्रोश रैली को संबोधित करने वाली हैं।

प्रियंका की जनाक्रोश रैली की तैयारियों को लेकर ग्वालियर पहुंचे दिग्विजय सिंह शिन्दे की छावनी स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय पर पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ले रहे हैं। वहीं ग्वालियर और चंबल संभाग के अलग-अलग जिलों में संगठन पदाधिकारी दौरे पर हैं। पार्टी की ओर से प्रियंका गांधी का जो दौरा कार्यक्रम जारी कि या गया है, उसके मुताबिक वह नई दिल्ली से रवाना होकर 11 बजे ग्वालियर एयरपोर्ट पहुंचेंगी। इसके बाद वीरांगना झांसी की रानी लक्ष्मीबाई की समाधि स्थल पड़ाव पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगी। 

यहां से मेला ग्राउंड में कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करने पहुंचेंगी। प्रियंका की इस जनाक्रोश रैली को लेकर कांग्रेस में इसलिए भी गरमाहट है क्योंकि तीन साल पहले कांग्रेस में रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा बीजेपी ज्वाइन करने और कांग्रेस की कमलनाथ सरकार गिरने के बाद ग्वालियर चंबल अंचल में कांग्रेस का वजूद खत्म सा हो गया है।

पार्टी रणनीतिकारों का कहना है कि प्रियंका की रैली से यहां के युवाओं में कांग्रेस से जुड़ने का जोश आएगा और पार्टी के कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा। इसलिए पार्टी इस रैली को सफल बनाने के लिए कोई कसर बाकी नहीं रख रही है। इसलिए आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुट चुकी कांग्रेस इसके लिए पूरे दमखम से सियासी मैदान में है।

Related Articles

Back to top button