छत्तीसगढ़

बिलासपुर में पिकअप पलटी हुई दो की मौत, 15 से ज्यादा घायल; 35 लोग थे सवार

बिलासपुर

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में तेज रफ्तार पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सात साल की बच्ची और महिला की मौत हो गई। वहीं, 15 से अधिक लोग घायल हो गए। पिकअप सवार देवी दर्शन कर लौट रहे थे। तभी मोड़ पर ड्राइवर ने गाड़ी से नियंत्रण खो दिया और हादसा हो गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना कोटा थाना क्षेत्र की है।

मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र के ग्राम सारधा से करीब 35 लोग पिकअप में सवार होकर भनवारटंक स्थित मरही माता देवी दर्शन करने के लिए आए थे। इसमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। दर्शन करने के बाद जब ये लोग शाम को वापस गांव जा रहे थे। तभी ग्राम सलका नवागांव के पास मोड़ पर पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे के बाद पिकअप सवार चीखते-चिल्लाते रहे।

ग्रामीणों ने की मदद, पुलिस की डायल 112 ने पहुंचाया अस्पताल
इस हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने उनकी मदद की। फिर कोटा पुलिस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद कोटा थाने की डायल 112 सहित पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिस ने 15 से 20 लोगों को अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद सिम्स रेफर कर दिया गया है। वहीं, कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। ज्यादातर लोग कोटा अस्पताल में भर्ती हैं, जिनका इलाज चल रहा है।

Related Articles

Back to top button