देश

राष्ट्रपति मुर्मू 22 अगस्त से गोवा की तीन दिवसीय यात्रा शुरू करेंगी

पणजी
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 22 अगस्त से गोवा की तीन दिवसीय यात्रा पर आएंगी। इस दौरान वह राज्य की विधानसभा के सदस्यों को संबोधित करने के अलावा कुछ कार्यक्रमों में शिरकत करेंगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने  यह जानकारी दी।

राज्य के सूचना एवं प्रचार विभाग के अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति मंगलवार को गोवा पहुंचने के बाद अपराह्न करीब साढ़े चार बजे पणजी के आजाद मैदान में शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगी।अधिकारी ने कहा कि इसके बाद शाम साढ़े छह बजे राजभवन में उनका स्वागत किया जाएगा।

अधिकारी ने बताया कि 23 अगस्त को पूर्वाह्न 10 बजे राष्ट्रपति राजभवन के दरबार हॉल में गोवा विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करेंगी। उसी दिन पूर्वाह्न चार बजे वह विधानसभा परिसर में राज्य के विधायकों को संबोधित करेंगी।

राष्ट्रपति अपनी यात्रा के अंतिम दिन 24 अगस्त को 17वीं शताब्दी के पुर्तगाली किले अगौडा फोर्ट जाएंगी। इसके बाद राष्ट्रपति पुराने गोवा में 16वीं सदी के संत फ्रांसिस जेवियर के गिरजाघर 'बेसिलिका ऑफ बॉम जीसस' भी जाएंगी।

उन्होंने बताया कि मुर्मू पोंडा में प्रसिद्ध शांतादुर्गा मंदिर भी जाएंगी, जिसके बाद वह नई दिल्ली के लिए रवाना होंगी।

 

 

Related Articles

Back to top button