देश

गोरखपुर के इस फरार माफिया पर और कसा शिकंजा, ढहाया गया अवैध कब्‍जा; प्रशासन ने खाली कराई बेशकीमती जमीन

गोरखपुर
फरार चल रहे गोरखपुर के 50 हजार रुपए के इनामी माफिया विनोद उपाध्‍याय पर पुलिस और प्रशासन का शिकंजा और कस गया है। शनिवार को जीडीए ने माफिया पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उसका अवैध कब्‍जा ढहा दिया और करीब सात हजार वर्ग फीट की बेशकीमती जमीन मुक्‍त करा ली।

जिले के गुलरिहा थाना क्षेत्र के सलेमपुर मोगलहा में माफिया विनोद उपाध्याय ने इस जमीन पर कब्‍जा कर रखा था। इस पर उसने कुछ निर्माण भी कराया था। शनिवार को भारी सुरक्षा के बीच जीडीए ने यह निर्माण ढहा दिया है। तकरीबन 7000 वर्ग फीट भूमि पर विनोद ने कब्जा कर रखा था।

बता दें कि पुलिस ने माफिया विनोद उपाध्याय के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। तकरीबन 36 आपराधिक मामलों में आरोपित विनोद उपाध्याय फरार चल रहा है। गोरखनाथ क्षेत्र स्थित धर्मशाला बाजार निवासी विनोद उपाध्याय धर्मशाला बाजार का हिस्‍ट्रीशीटर है। वह गोरखपुर सदर सीट से विधायक का चुनाव भी लड़ चुका है। उसने मोगलहा स्थित भूमि पर अवैध कब्जा किया था।

 

Related Articles

Back to top button